राजधानी एक्सप्रेस में आग
कोई जनहानि नहीं
जानकारी के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) रात करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान सीमा में प्रवेश से पहले एसी कोच बी-1 में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि प्रभावित कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल ट्रेन का बिजली कनेक्शन बंद कर प्रभावित कोच को अलग किया। वहीं एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
हालांकि घटना स्थल कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, लेकिन नजदीक होने के कारण रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार मौके के लिए रवाना हो गए। रेलवे द्वारा राहत एवं बचाव कार्य के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन भी भेजी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।