रतलाम।  कोठारी वास क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर विद्यालय के सामने चल रहे निर्माण कार्य के दौरान पड़ोसी का दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मौके पर काम कर रहा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार घायल मजदूर की पहचान दिनेश पलसोड़ी, निवासी राजापुरा माताजी के समीप ग्राम चिल्लर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिनेश निर्माणाधीन मकान में गड्ढा खोद रहा था, तभी पड़ोस की कच्ची दीवार अचानक गिर पड़ी और वह मलबे में दब गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और क्षेत्रीय रहवासियों ने कड़ी मशक्कत कर घायल मजदूर को मलबे से बाहर निकाला। उसे तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।