पेड़ पर लटका मिला शव, इलाके में सनसनी
भवानीमंडी। सोमवार को अलसुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास एक पेड़ पर मफलर से लटका हुआ शव मिला।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नगर पालिका के पूर्व भाजपा पार्षद संजय गुर्जर के रूप में हुई है। घटना भवानीमंडी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र की बताई जा रही है। सुबह जैसे ही लोगों की नजर शव पर पड़ी, मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। देखते ही देखते इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ भवानीमंडी और भैसोदामंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।