कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी को मारने पहुंचा निलंबित शिक्षक
रतलाम। बीआरसी कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निलंबित शिक्षक कुल्हाड़ी लेकर कार्यालय पहुंच गया और सहायक परियोजना समन्वयक को जान से मारने दौड़ पड़ा। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में स्कूली विद्यार्थी भी मौजूद थे, जिससे हालात और गंभीर हो गए।जानकारी के अनुसार जिला शिक्षा केंद्र में सहायक परियोजना समन्वयक एवं बीआरसी के पद पर पदस्थ विवेक नागर ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे निलंबित शिक्षक दिलीप राठौर कुल्हाड़ी लेकर उनके कार्यालय पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। आरोपी ने आरोप लगाया कि नागर ने पूर्व में चल रहे एक मामले में उसके खिलाफ कोर्ट में गवाही क्यों दी। नागर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई गवाही नहीं दी, केवल कोर्ट में साथ गए थे। इसी बात से नाराज होकर दिलीप राठौर उन पर हमला करने के लिए आया था।शिकायत के आधार पर पुलिस ने सस्पेंड शिक्षक दिलीप राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गौरतलब रहे कि आरोपी दिलीप राठौर पूर्व में मोरवानी के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ था। समय पर स्कूल नहीं पहुंचने और अनुशासनहीनता के चलते उसे नोटिस दिया गया था। इसके बाद वह शराब के नशे में बीआरसी कार्यालय पहुंचकर हंगामा कर चुका है और पत्थरबाजी भी कर चुका है। पूर्व में एपीसी राजेश झा और बीआरसी विवेक नागर के साथ मारपीट की थी एवं उनके घर जाकर विवाद करने के मामले भी सामने आ चुके हैं। इन घटनाओं के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी ने उसे निलंबित कर दिया था। मारपीट से जुड़ा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और उसी केस में गवाही को लेकर आरोपी इस बार कुल्हाड़ी लेकर हमला करने पहुंचा था।
0 Response to " कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी को मारने पहुंचा निलंबित शिक्षक"
0 Response to " कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी को मारने पहुंचा निलंबित शिक्षक"
एक टिप्पणी भेजें