सचिव तत्काल प्रभाव से निलंबित
सोमवार, 10 अगस्त 2026
Comment
सचिव तत्काल प्रभाव से निलंबित
जांच में खुली वित्तीय गड़बड़ी की पोल
रतलाम। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के नाम पर शासकीय राशि के दुरुपयोग और वित्तीय गड़बड़ियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रतलाम जिला पंचायत सीईओ ने वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत भदवासा के सचिव कोमलसिंह पंवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में लिप्त सरपंच और उपसरपंच पर भी वैधानिक कार्रवाई की तलवार लटक गई है।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भदवासा में लगातार मिल रही वित्तीय धांधली और बिलों के फर्जीवाड़े की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए थे। जांच टीम की प्राथमिक रिपोर्ट में विभिन्न भुगतानों और शासकीय बिलों से संबंधित अनियमितताएं प्रथम दृष्टया सही पाई गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव कोमलसिंह पंवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। हालांकि, सचिव द्वारा प्रस्तुत जवाब का परीक्षण करने पर वह अत्यंत असंतोषजनक और गैर-समाधानकारक पाया गया। लापरवाही और वित्तीय गड़बड़ी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सीईओ जिला पंचायत ने सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
0 Response to "सचिव तत्काल प्रभाव से निलंबित"
एक टिप्पणी भेजें