मादक पदार्थ सहित दो युवक गिरफ़्तार
रतलाम। माणकचौक पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी करते गुजरात व महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 440 ग्राम एमडीएम ड्रग्स, दो मोबाइल फोन व तीन हजार रुपए जप्त किए गए है।पुलिस के अनुसार आरोपियो ने प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि वे मंदसौर के दलौदा से ड्रग्स लेकर गुजरात जा रहे थे। एसपी अमित कुमार ने पत्रकारवार्ता में बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति झाबुआ रोड पर ग्राम करमदी के आसपास आते रहते है तथा ड्रग्स की सप्लाई करते है। वे दोनों करमदी स्थित नमकीन क्लस्टर क्षेत्र में आने वाले है तथा एमडीएमए की बिक्री करने वाले है। सूचना पर एएसपी राकेश खाखा व सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुराग यादव टीम के साथ नमकीन क्लस्टर के पास पहुंचे तथा घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी 36 वर्षीय भावेश भाई रावल पिता जितेंद्र रावल निवासी हरिओम सोसायटी मोरवी जिला राजकोट (गुजरात) एवं 25 वर्षीय अल्पेश परघरमोर पिता सुरेश परघरमोर निवासी नाहरा बस्ती नागपूर (महाराष्ट्र) खड़े दिखाई दिए। घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो उनके पास 440 ग्राम एमडीएमए ड्रग, तीन हजार रुपये तथा दो मोबाइल फोन पाए गए।
इसके बाद आरोपियो के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/ 22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियो ने पुलिस को बताया कि वे मंदसौर जिले के दलौदा क्षेत्र से ड्रग्स लेकर आए थे तथा गुजरात की तरफ जा रहे थे।