पत्नी से विवाद के चलते फांसी लगाने की खबर
रतलाम। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के खातीपुरा में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसकी पत्नी एक माह से अलग रह रही थी। पत्नी से विवाद के चलते उसके फांसी लगाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय शांतिलाल बिलवा पुत्र रामलाल बिलवा निवासी खातीपुरा गुरुवार रात घर पर था। उसकी पत्नी अलग रह रही है। इस संबंध में शांतिलाल की मां 70 वर्षीय केसरबाई पुलिस थाने पर शिकायत करने गई थी। कुछ समय बाद वे थाने से घर पहुंची तो दरवाजा बंद था। आवाज देने पर दरवाजा नहीं खोला गया। मां ने कहीं से अंदर झांककर देखा तो शांतिलाल फंदे पर लटका हुआ था। केसरबाई ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव जिला अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया। शांतिलाल के जीजा ने बताया कि शांतिलाल व उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद था। पत्नी एक माह से अलग रह रही है। दो दिन पहले शांतिलाल ससुराल बात करने गया था। वहां उसे धमकाया गया कि उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत कर देंगे। एसआइ ने बताया कि शांतिलाल के फांसी लगाने का कारण पता नहीं चला है, जांच की जा रही है।