हत्या में शामिल चारों आरोपी गिरफ्तार
हत्या में शामिल चारों आरोपी गिरफ्तार
रतलाम। जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र के ग्राम लसुड़िया जंगली में पुराने मकान पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग महिला की मौत का कारण बन गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को ग्राम लसुड़िया जंगली में पुराने मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद बढ़ने पर अजय, मंजू, साईता ,भागवंताबाई ने कमलाबाई, रवीना और काजल के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान 70 वर्षीय कमलाबाई पति नंदूलाल बागरी मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं थी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जावरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस घटना के बाद से सभी आरोपी फरार थे।
सूचना मिलने पर बड़ावदा थाने पर अपराध क्रमांक 236/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 296(ए), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी गांव से फरार हो गए थे।
टीम ने जांच के दौरान सायबर सेल रतलाम से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर थाना बड़ावदा पुलिस और चौकी सुखेड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने शेष तीनों महिला आरोपियों को भी दस्तयाब कर लिया। पूछताछ में चारों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
0 Response to " हत्या में शामिल चारों आरोपी गिरफ्तार "
एक टिप्पणी भेजें