पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 8 की मौत
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 8 की मौत
अहमदाबाद । वस्त्राल में हुई एक हृदयविदारक घटना में 8 जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। रामोल-गतराड रोड पर एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने सब कुछ तबाह कर दिया, वहीं 15 लोग घायल हुए हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिसने आसपास के इलाकों में दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि श्रमिकों के शवों के चिथड़े उड़ गए, जिससे उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया। घायलों में से 4 को एलजी अस्पताल और 3 को असरवा सिविल अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
यह अवैध फैक्ट्री वस्त्राल स्थित आरएएफ कैंप के ठीक पीछे संचालित हो रही थी। धमाके की आवाज सुनते ही कैंप में तैनात जवान बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गए। उनकी त्वरित कार्रवाई ने कई जिंदगियां बचाईं। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आरएएफ के जवानों ने मलबे में फंसे घायल और बेहोश लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। इस प्रारंभिक बचाव कार्य से राहत और बचाव अभियान को गति मिली।
बाद में, फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। फिलहाल, आग बुझाने के बाद कूलिंग की प्रक्रिया जारी है, ताकि दोबारा आग लगने की कोई आशंका न रहे और बचाव दल सुरक्षित रूप से मलबे की जांच कर सके।
0 Response to " पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 8 की मौत"
एक टिप्पणी भेजें