रिश्वत लेते, डिप्टी रेंजर धराया
रिश्वत लेते, डिप्टी रेंजर गिरफ्तार
जावरा। उज्जैन लोकायुक्त पुलिस की टीम ने 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार शाम) को रतलाम जिले के जावरा उप वनमंडल में पदस्थ डिप्टी रेंजर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी डिप्टी रेंजर ने फरियादी से केस न बनाने और लकड़ी जलाने की धमकी देकर 2 लाख रुपए की मांग की थी, जिसके बाद पहली किस्त लेते समय यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रईस खां (निवासी- ग्राम शक्करखेड़ी, पिपलोदा) ने अपने खेत में रखी जलाऊ लकड़ी अशफ़ाक़ खान को बेची थी। इस मामले में डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा ने केस बनाने की धमकी दी और लकड़ी जलाने के एवज में 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद 65 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था।
फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल ने मामले का सत्यापन करवाया। शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार को 10 सदस्यीय टीम तैयार की गई। जैसे ही फरियादी ने जावरा में रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपए डिप्टी रेंजर को सौंपे, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने उसे दबोच लिया।
इस अचानक हुई कार्रवाई से जावरा वन विभाग के दफ्तरों में हड़कंप मच गया है और आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0 Response to " रिश्वत लेते, डिप्टी रेंजर धराया"
एक टिप्पणी भेजें