बाइक डिवाइडर से टकराई, दो की मौत
बाइक डिवाइडर से टकराई, दो की मौत
रतलाम। करमदी फोरलेन पर पेट्रोल पंप के समीप रविवार रात बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं मौके पर पहुंचे लोगों का कहना है कि हादसे के समय रोड की स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रोड पर अंधेरा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे का कारण पता चल पाएगा।
जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय केशव परिहार पिता नूतन परिहार और उसका दोस्त 25 वर्षीय शोएब उर्फ शाहिद पिता राजा दोनों निवासी लक्ष्मीनगर रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे कहीं से बाइक पर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में करमदी फोरलेन से गुजरते समय पेट्रोल पंप के पास बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे दोनों बाइक सहित नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर फैलने पर आसपास के लोग घटना स्थल पहुंचे तथा एंबुलेंस सेवा व पुलिस को सूचना दी। करीब 40 मिनट बाद डॉयल112 का वाहन मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित किया गया। केशव डेकोरेशन का काम करता था और शोएब एक आइसक्रिम पार्लर पर काम करता था। शोएब के पिता राजा डाट की पुल क्षेत्र में फलों का ठेला लगाते हैं तथा केशव के पिता की फूलमंडी क्षेत्र में चाय की दुकान है। माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक रूप से डिवाइडर से बाइक टकराने से हादसा होने की जानकरी आई है, हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
समय पर उपचार नहीं मिला
मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर पड़े हुए थे। एंबुलेंस सेवा व डॉयल 112 पर फोन किए लेकिन 40 से 45 मिनट तक न तो एंबुलेंस और न ही डॉयल 112 का वाहन पहुंचा। बाद में डायल 112 का वाहन आया। समय पर यदि एंबुलेंस आ जाती और घायलों को अस्पताल ले जाती तो शायद दोनों की जान बच सकती थी।
0 Response to " बाइक डिवाइडर से टकराई, दो की मौत "
एक टिप्पणी भेजें