अज्ञात बदमाशों ने भंडारी ज्वेलर्स' से उड़ाया लाखो का मॉल
अज्ञात बदमाशों ने भंडारी ज्वेलर्स' से उड़ाया लाखो का मॉल
रतलाम। शहर के व्यस्तम चौमुखी पुल क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई है। यहाँ स्थित 'भंडारी ज्वेलर्स' की दुकान को तीन अज्ञात बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। तड़के करीब 3:10 से 3:30 बजे के बीच बदमाशों ने दुकान का ताला और नकुचा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आर्टिफिशियल ज्वेलरी व नगदी चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
दुकान संचालक के अनुसार, वे रोजाना की तरह रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन पर सूचना दी कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही संचालक तुरंत मौके पर पहुँचे। दुकान के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि चोर दुकान से व्हाइट मेटल की पायल, कंदौरे, कड़ी और नगदी करीब 20,000 रुपये चुरा ले गए हैं।
शहर के बीचों-बीच ज्वेलरी दुकान में चोरी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एएसपी राकेश पन्द्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बदमाशों की पहचान और उनके रूट का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 Response to "अज्ञात बदमाशों ने भंडारी ज्वेलर्स' से उड़ाया लाखो का मॉल "
एक टिप्पणी भेजें