प्रेम प्रसंग में हिंसक झड़प, 3 घायल
जानकारी के अनुसार प्रेम प्रसंग और लड़की को भगा ले जाने की घटना को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। कालूखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को ग्राम जेठाना निवासी अमृतलाल की लड़की किसी लड़के के साथ भाग गई थी। अमृतलाल की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था। इसके कुछ समय बाद लड़की पक्ष के लोग लड़के के घर बातचीत करने पहुंचे, लेकिन वहां बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल को अस्पताल भेजा।
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जब इस घटना की जानकारी लड़की के मामा को लगी, तो वे देर रात अपने साथियों के साथ लड़के के घर पहुंचे और दोबारा विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान मामा पक्ष के लोगों ने आक्रोशित होकर फायरिंग कर दी। गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गोलीबारी की घटना में ऋतुराज पिता जगदीश आंजना (33 वर्ष), जगदीश पिता भंवरलाल आंजना (50 वर्ष), विक्रम पिता वजहराम आंजना (40 वर्ष) तीनों घायलों को तुरंत रतलाम मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पक्ष के 8 लोगों और दूसरे पक्ष के 3 व्यक्तियों (कुल 11 लोगों) के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
0 Response to " प्रेम प्रसंग में हिंसक झड़प, 3 घायल"
एक टिप्पणी भेजें