गंभीर वारदात के 5 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गंभीर वारदात के 5 मुख्य आरोपी गिरफ्तार
शिवगढ़। पुलिस ने खेत में भेड़ घुसने के विवाद में हुई हत्या की गंभीर वारदात का महज 10 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान के रहने वाले 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल लाठियां और मोबाइल जब्त कर लिए हैं।
खेत में भेड़ घुसने पर हुआ था विवाद
घटना 18 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे की है। ग्राम सागलाखो निवासी फरियादी सुखराम पिता मंगला भाभर (36) के 08 लाइन स्थित खेत में सोयाबीन की फसल में कुछ लोग भेड़ें चरा रहे थे। जब सुखराम और उनके पिता मंगला भाभर (60) ने इस पर आपत्ति जताई, तो भेड़ चरा रहे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मंगला भाभर को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का सघन चेकिंग अभियान चलाया
घटना की शिकायत पर थाना शिवगढ़ में अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज किया गया। मौत की सूचना के बाद प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम का गठन कर सागलाखो के आसपास के पहाड़ी व जंगलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।

0 Response to " गंभीर वारदात के 5 मुख्य आरोपी गिरफ्तार "
एक टिप्पणी भेजें