अवैध कॉलोनी के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा
अवैध कॉलोनी निर्माण के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा
रतलाम। अवैध कॉलोनी निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने तहसीलदार जावरा की जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम लुहारी, ग्राम कुम्हारी और कस्बा जावरा क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने के मामलों में 10 भूमि स्वामियों को कारण बताओ सूचना पत्र (नोटिस) जारी किए हैं।
बिना अनुमति, शुल्क के किया निर्माण
तहसीलदार जावरा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन और संबंधित क्षेत्र के पटवारियों की खाता-खसरा नकल के अनुसार, इन भूमि स्वामियों ने म.प्र. पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 तथा म.प्र. ग्राम पंचायत (कॉलोनी का विकास) नियम 2014 के प्रावधानों की अनदेखी की है। नियमों के तहत आवश्यक अनुमतियां और निर्धारित शुल्क जमा किए बिना अनाधिकृत रूप से कॉलोनी निर्माण कार्य किया जाना पाया गया है। आगामी सख्त कार्रवाई से पूर्व सभी संबंधितों को अपना पक्ष रखने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
10 भूमि स्वामियों को जारी हुए नोटिस
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिन भूमि स्वामियों को सूचना पत्र जारी किए गए।
⚫ शंकरलाल पिता मांगीलाल राठौर (निवासी नामली, अन्य-1)
⚫ डाली पिता अमृतलाल चौरसिया (निवासी जावरा)
⚫ उषा पति प्रकाश (निवासी जावरा)
⚫ रामचंद्र पिता कन्हैयालाल (निवासी गुडबेली, तहसील आलोट)
⚫ सिद्धू खां पिता शफी मोहम्मद (निवासी जावरा)
⚫ गौरव पिता हीरलाल वगैरह (निवासी जावरा)
⚫ आजाद पिता अहमद हुसैन (निवासी जावरा)
⚫ पन्नालाल पिता वरदीचंद (निवासी जावरा)
⚫ सीताबाई पति कन्हैयालाल (निवासी जावरा)
⚫ ताहा हुसैन पिता अब्दुल हुसैन (निवासी जावरा)
अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शहरी और ग्रामीण—दोनों ही क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की सघन जांच जारी रहेगी। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध कॉलोनी निर्माण की जांच कर तत्काल प्रतिवेदन कॉलोनी सेल को भेजने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने चेताया है कि जिन क्षेत्रों में अवैध कॉलोनी का निर्माण पाया जाएगा, वहां संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
0 Response to " अवैध कॉलोनी के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा "
Post a Comment