नशीले पदार्थ के साथ आरोपी धराया
नशीले पदार्थ के साथ आरोपी धराया
इंदौर । परदेशीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी ब्रिज के नीचे नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
क्राइम ब्रांच की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एमआर-04 रोड़ पर स्थित भंडारी ब्रिज के नीचे से एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान दानिश शेख उम्र 26 वर्ष निवासी आजाद नगर इंदौर के रूप में की गई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से कुल 54.70 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.40 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गश्त कर रही थी और संदिग्ध बदमाशों की धरपकड़ के लिए भंडारी ब्रिज के नीचे मौजूद थी। उसी दौरान टीम को एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस बल को अपने सामने देखकर वह युवक अचानक घबरा गया और अपनी राह बदलकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम को उसकी इस घबराहट और संदिग्ध गतिविधियों पर गहरा संदेह हुआ, जिसके बाद क्राइम ब्रांच के मुस्तैद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया।
0 Response to " नशीले पदार्थ के साथ आरोपी धराया"
एक टिप्पणी भेजें