रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार EE
रिटायर होने से पहले धराया EE
ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने आज ग्वालियर नगर निगम के कार्यपालन यंत्री (Executive Engineer) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है ।
जानकारी के अनुसार EE सुशील कटारे पर ठेकेदार सचिन पचौरी ने उनके द्वारा किये गए काम की फ़ाइल पर दस्तखत कर पेमेंट रिलीज करने के बदले 1 प्रतिशत रिश्वत मांगने के आरोप लगाये थे, ठेकेदार ने कुछ राशि कल दे दी और आज शेष राशि देते ही ट्रैप करवा दिया, खास बात ये है कि कल यानि शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को सुशील कटारे रिटायर होने वाले है।
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम में ठेकेदारी करने वाले सचिन पचौरी ने एक शिकायती आवेदन उनके कार्यालय में दिया था जिसमें जनकार्य विभाग के कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे पर रिश्वत मांगे जाने के आरोप लगाये गए थे।
ठेकेदार सचिन पचौरी ने बताया कि उसने पिछले दिनों नगर निगम से स्वीकृत 36 लाख रुपये के कार्य किये थे जिसकी दो फाइलें जनकार्य विभाग में अटकी हुई थी, इन फ़ाइल को पास करने के बदले जनकार्य विभाग के कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे 1 प्रतिशत के हिसाब से 36 हजार रुपये की मांग कर रहे थे उसने 30 हजार रुपये कल बुधवार को दे दिए और शिकायत कर दी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज ट्रैप प्लान किया गया, तय समय पर सचिन पचौरी 6 हजार रुपये लेकर सुशील कटारे के पास नगर निगम मुख्यालय में जनकार्य विभाग में पहुंचा उसने रिश्वत की राशि 6 हजार रुपये दी और इशारा कर दिया, तत्काल लोकायुक्त पुलिस की टीम वहां पहुंची और सुशील कटारे को पकड़ लिया।
0 Response to "रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार EE "
एक टिप्पणी भेजें