छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाला दुनिया का पहला खिलाड़ी
छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाला दुनिया का पहला खिलाड़ी
डेस्क रिपोर्ट। पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातार 6 फुटबॉल वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार रात को उज्बेकिस्तान के खिलाफ छठे मिनट में गोल करके यह उपलब्धि हासिल की।
41 साल के रोनाल्डो 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप में भी गोल स्कोर कर चुके हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ा।
मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में गोल किए हैं। लेकिन, वे 2010 के एडिशन में गोल नहीं कर सके। ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया।
रोनाल्डो ने मैच में 2 गोल दागे, पुर्तगाल के टॉप स्कोरर
रोनाल्डो ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागा। इसी के साथ वे पुर्तगाल के लिए वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा 10 गोल करने वाले प्लेयर भी बन गए। उन्होंने यूसेबियो के 9 गोल के रिकार्ड को पीछे छोड़ा।
मैच में रोनाल्डो के अलावा, नूनो मेंडेस (17वें मिनट) और राफेल लेओ (87वें मिनट) ने गोल किया। 59वें मिनट में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव से बॉल टकराकर गोल में चली गई। इसे ओन गोल माना गया। मौजूदा टूर्नामेंट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 2 गोल हो चुके हैं। वे पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ गोल नहीं कर सके थे।
रोनाल्डो हैट्रिक से चूके
हाफ टाइम के बाद भी पुर्तगाल ने हमले जारी रखे। 57वें मिनट में रोनाल्डो ने फ्री-किक लिया, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव किया। 59वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस के कॉर्नर पर जोआओ फेलिक्स ने बैक-हील फ्लिक किया, जो डिफेंडर अब्दुकोदिर खुसानोव से टकराकर गोलकीपर नेमातोव के दस्तानों से होते हुए नेट में चली गई। इसे ओन गोल माना गया और स्कोर 4-0 हो गया। 73वें मिनट में रोनाल्डो के पास हैट्रिक पूरी करने के दो मौके आए। पहले में उनका शॉट डिफ्लेक्ट होकर बाहर चला गया, फिर उन्होंने गोलकीपर पर दबाव बनाकर गेंद छीनी, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव किया। इस तरह रोनाल्डो हैट्रिक करने से चूक गए।

0 Response to "छह वर्ल्ड कप में गोल करने वाला दुनिया का पहला खिलाड़ी"
एक टिप्पणी भेजें