एटलेन पर भीषण सड़क हादसा ....
एटलेन पर भीषण सड़क हादसा
एक की मौत, तीन गंभीर
रतलाम। दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। शिवगढ़ थाना क्षेत्र में वालारुंडी के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग और क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार 60 वर्षीय साबिर पुत्र हसन अली की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। कार (एमएच 34 एटी 8414) में मुंबई के मीरा रोड निवासी एक परिवार सवार था, जो मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है। साबिर सोमवार शाम करीब चार बजे अपनी 55 वर्षीय पत्नी नसीम, 30 वर्षीय बड़े बेटे सैफ और 25 वर्षीय छोटे बेटे जैद के साथ मुंबई से कानपुर के लिए निकले थे।
सुबह एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम ने दुर्घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद साबिर को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी और दोनों बेटों का उपचार जारी है।
0 Response to "एटलेन पर भीषण सड़क हादसा ...."
Post a Comment