हेड कॉन्स्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार
हेड कॉन्स्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार
भीलवाड़ा । एसीबी ने मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पोस्टेड हेड कॉन्स्टेबल को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई पर धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के भाई के साथ मारपीट नहीं करने और जांच में सहयोग के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
वह पहले 10 हजार रुपए ले चुका था और शेष राशि में से 50 हजार रुपए लेने के लिए भीलवाड़ा के एक होटल में पहुंचा था। जिस होटल में आरोपी अपनी टीम के साथ ठहरा हुआ था, उसी होटल में एसीबी ने भी गोपनीय रूप से डेरा डाल रखा था। जैसे ही उसने कमरे में परिवादी से रिश्वत की रकम ली, एसीबी टीम ने दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी तपेश गोसाई (40 वर्ष), स्वर्गीय ललन गोसाई का पुत्र है और मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा स्थित पत्रकार कॉलोनी का निवासी है। वह प्रधान आरक्षी क्रमांक 212 के रूप में पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम (मध्य प्रदेश) में पदस्थापित है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया - मामला रतलाम (मध्यप्रदेश) के 80 फीट रोड निवासी व्यापारी रतन जांगिड़ की शिकायत से जुड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जूनावास (भीलवाड़ा) निवासी मोहम्मद लियाकत (70) ने रतलाम में नए आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित बंद पड़ी ऑयल मिल और जमीन का 11 करोड़ 10 लाख रुपए में सौदा कर 25 लाख 76 हजार रुपए ले लिए, लेकिन न जमीन का अनुबंध कराया और न ही मालिक से मुलाकात कराई। इस शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था और आरोपी को जांच के लिए रविवार को भीलवाड़ा लाया गया था। जांच में सामने आया कि हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई ने गिरफ्तार लियाकत (70) के साथ मारपीट नहीं करने और मामले में सहयोग करने के बदले 1 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पहले ही गिरफ्तार लियाकत के भाई से 10 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद शेष राशि में से 50 हजार रुपए लेने के लिए भीलवाड़ा के सर्किट हाउस के पास स्थित एक होटल में समय तय किया गया। पुलिसकर्मी तीन साथियों की टीम के साथ धोखाड़ी के आरोपी लियाकत को साथ लेकर आया था। धमकी दी थी अगर रुपए नहीं दिए तो लियाकत को हथकड़ी लेकर शहर में घुमाएगा और इज्जत खराब करेगा।
एसीबी महानिदेशक ने बताया कि ट्रैप कार्रवाई के दौरान हेड कॉन्स्टेबल तपेश गोसाई होटल के कमरा नंबर 104 में अपनी टीम से अलग ठहरा हुआ था। उसने परिवादी को इसी कमरे में रुपए लेकर आने के लिए बुलाया था। जबकि उसके साथ आई एएसआई सहित चार अन्य पुलिसकर्मी होटल के कमरा नंबर 105 में रुके हुए थे।
0 Response to " हेड कॉन्स्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार "
एक टिप्पणी भेजें