करंट लगने पर पुलिसकर्मी की मौत
मंगलवार, 16 जून 2026
Comment
करंट लगने पर पुलिसकर्मी की मौत
रतलाम। मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ घर में रखे लोहे के कूलर से काम करते समय करंट लगने के कारण एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतक के परिवार सदमे में डूबा हुआ है, वहीं पुलिस महकमे में भी शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ 46 वर्षीय पुलिसकर्मी अब्दुल पठान मंगलवार रात करीब 8:00 बजे अपने घर के अंदर रखे लोहे के कूलर में पानी भरने का काम कर रहे थे, तभी अचानक कूलर में उतरे करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि अब्दुल पठान वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद घबराए परिजन उन्हें लेकर अस्पताल भागे, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुँची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। एसपी कार्यालय के स्टाफ और साथी पुलिसकर्मियों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
0 Response to "करंट लगने पर पुलिसकर्मी की मौत"
एक टिप्पणी भेजें