रतलाम। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर पकड़ छोड़ अभियान शुरू किया हे। जिले में हर साल हादसों के बाद इस तरह का पकड़ छोड़ अभियान चलता रहता है। कुछ दिन बाद फिर जवाबदारों की मेहरबानी से झोलाछापों की दुकानदारी लग जाएगी। आज ऐसा ही अभियान को सरवन थाना पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के पांच कथित डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन के चिकित्सा अधिकारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने सरवन क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर रहे आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपियों में फर्जी डॉक्टर मुकेश निनामा निवासी सदर बाजार सरवन, अवनी कुमार टिकादार निवासी बांसवाड़ा रोड सरवन, चन्द्रप्रकाश जोशी निवासी सैलाना और संजय बिसवास निवासी कुण्डा थाना सरवन शामिल हैं। इन सभी पर बिना किसी वैध डिग्री या पंजीयन के एलोपैथिक पद्धति से उपचार करने और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में मध्य प्रदेश राज्य आयुर्विज्ञान अधिनियम 1956/1958 की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया है।