जानकारी के अनुसार, पीएनटी कॉलोनी निवासी आनंद रावत, शाहबाज और आनंद का चचेरा भाई पीयूष रावत रविवार रात ओल्ड रेलवे कॉलोनी स्थित शंकर मंदिर के पास गए थे। वहाँ पहले से ही आरोपी रोजर बिन्नी, मुन्ना खंडकर और रोहित खंडकर अपने अन्य साथियों के साथ खड़े थे। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। फरियादी पियूष के अनुसार, आरोपियों ने चाकू और भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रोहित ने आनंद और शाहबाज के सीने व पेट पर चाकू से कई वार किए, वहीं मुन्ना ने पीयूष पर पत्थर से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
यह पूरी वारदात जीआरपी पुलिस चौकी के बिल्कुल नजदीक हुई, लेकिन सूचना मिलने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुँच सकी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया।